
देवास। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में जल अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में निगम द्वारा सप्लाई किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। निगम टीम द्वारा वार्डों से पानी के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
वार्डों के भ्रमण के दौरान आयुक्त ने रहवासियों से पेयजल की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक भी लिया। रहवासियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा सप्लाई किया जा रहा पीने का पानी गुणवत्तायुक्त मिल रहा है।

निर्माणाधीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण
आयुक्त ने क्षिप्रा स्थित नवीन निर्माणाधीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निगम अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य की मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

टेस्टिंग लैब का भी किया निरीक्षण
आयुक्त ने क्षिप्रा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थित जल परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। यहां तकनीकी अधिकारी से जानकारी लेते हुए उन्होंने पेयजल में एलम, ब्लीचिंग और टर्बिडिटी की मात्रा की नियमित जांच कर प्रतिदिन रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
उपयंत्री राजेश कौशल को लैब टेस्टिंग रूम एवं अन्य व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा उपयोग में लाई जा रही सामग्रियों के संचालन एवं संधारण (मेंटेनेंस) पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। वहीं 22 एमएलडी प्लांट के फ्लोक्युलेटर को 26 जनवरी के बाद साफ कराने के निर्देश सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी एवं उपयंत्री राजेश कौशल को दिए गए।