
देवास। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस को अधिक सक्षम एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से नव आरक्षक भर्ती प्रक्रिया मिशन मोड पर जारी है। इसी क्रम में वर्ष 2025 की भर्ती प्रक्रिया के तहत जिला पुलिस देवास को 128 नव चयनित आरक्षक प्राप्त हुए हैं।

प्रथम चरण में शनिवार को पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा नव चयनित आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर उन्होंने सभी आरक्षकों का मध्यप्रदेश पुलिस परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें देशभक्ति, जनसेवा, अनुशासन, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है।

पुलिस अधीक्षक ने नव आरक्षकों से संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करने और आमजन की सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। नियुक्ति के पश्चात सभी आरक्षक प्रशिक्षण केंद्रों के लिए रवाना होंगे, जहां प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वे पुलिस बल में शामिल होकर अपनी सेवाएं देंगे।

संघर्ष से सफलता की कहानियां बनी प्रेरणा
चयनित आरक्षकों में कई ऐसे युवा शामिल हैं जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में सफलता प्राप्त की है। अशोक कुमावत ने सात वर्षों तक होमगार्ड में सेवा देने के बाद यह उपलब्धि हासिल की। अमन यादव ट्रक चालक के पुत्र हैं, जबकि कीर्ति पैठारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत रही हैं। प्रियंका कुमावत निजी शिक्षक रहीं, वहीं कुंदन अमेजॉन डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करते हुए इस मुकाम तक पहुंचे। सुमति कुमार ने पांचवें प्रयास में सफलता प्राप्त की, जबकि चेतन परमार ने भी अपने परिश्रम से यह उपलब्धि हासिल की।इन युवाओं की सफलता यह दर्शाती है कि कठिन परिश्रम, दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

देवास पुलिस परिवार ने सभी नव चयनित आरक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।