
देवास से एक बेहद हैरान करने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है। महज 15 वर्ष की नाबालिग के मां बनने की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया है। बताया जा रहा है कि नाबालिग को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद परिजन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।

जिला अस्पताल में जांच के दौरान सामने आया कि वह गर्भवती है और उसी दिन उसने एक बच्चे को जन्म दे दिया।मामले की जानकारी सामने आते ही पुलिस और प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। इतनी कम उम्र की बच्ची के गर्भवती होने और बच्चे को जन्म देने की घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी कम उम्र में बच्ची के साथ क्या हुआ और वह इस स्थिति तक कैसे पहुंची, यह जांच का विषय बना हुआ है।बताया जा रहा है कि नाबालिग के साथ हैवानियत करने वाला आरोपी फिलहाल फरार है।
मामला देवास के कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।यह घटना सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि समाज को झकझोर देने वाली घटना है। जिस उम्र में बच्ची को पढ़ाई, खेल और अपने भविष्य के सपने देखने चाहिए थे, उस उम्र में उसके मां बनने की खबर ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस मासूम के साथ हुई ज्यादती के लिए जिम्मेदार कौन है और उसे न्याय कब मिलेगा।फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।