
देवास। शनिवार, 25 अप्रैल को नगर निगम द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत कालूखेड़ी तालाब पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जल संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम में महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, निगम आयुक्त दलीप कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

सभापति रवि जैन ने महापौर के साथ उपस्थित सभी लोगों को जल संचय, पानी बचाने और जलाशयों की नियमित सफाई की शपथ दिलाई। इसके बाद तालाब परिसर में सफाई अभियान चलाया गया।
महापौर ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार के इस अभियान के तहत जनभागीदारी से तालाबों की सफाई कर उन्हें संरक्षित किया जा रहा है, और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं सभापति ने कहा कि जलाशयों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन में जागरूकता फैलाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने जल संचय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए जल स्रोतों को संरक्षित करना जरूरी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को अपनाने और जल स्रोतों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
निगम आयुक्त दलीप कुमार ने जानकारी दी कि यह अभियान मार्च से शुरू होकर जून तक चलेगा, जिसमें कुएं, बावड़ी और तालाबों की सफाई जनसहयोग से की जा रही है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी, स्वच्छता टीम एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर देवास को स्वच्छ, सुंदर और जल-संपन्न बनाने का संकल्प लिया।